लंबे समय के बाद खुलेगा Eiffel Tower, फ्रांस में पर्यटक देंगे दस्तक

कोरोनावायरस के चलते देश-दुनिया में लॉकडाउन का माहौल है। लेकिन अब अर्थव्यवस्था इतनी नीचे आ चुकी है कि लॉकडाउन में लोगों को कुछ ढील दी गई है। अगर कोरोना प्रभावित देशों की बात करें तो फ्रांस इनमें 12वें नंबर पर है। यहां पर 1,53,634 लोग कोरोना से संक्रमित हैं। इसके वाबजूद भी फ्रांस ने लॉकडाउन के नियमों में ढील देना शुरू कर दिया है।

जैसा कि हम सभी जानते हैं कि फ्रांस के पेरिस में सबसे ज्यादा पर्यटकों वाली जगह एफिल टॉवर है। ऐसे में एफिल टॉवर वेबसाइट के मुताबिक, 25 जून से पेरिस स्थित एफिल टॉवर को खोल दिया जाएगा। पिछले तीन महीनों से इसे लॉकडाउन के चलते बंद रखा गया था। यहां पर लॉकडाउन के पहले लाखों पर्यटक घूमने आते थे। यह जगह बेहद लोकप्रिय है।

एफिल टॉवर देखने आने वाले हर 11 साल के ऊपर के व्यक्ति को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। इस दौरान लोग लिफ्ट या एलिवेटर का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। लोगों को केवल सीढ़ियों से जाने की ही इजाजत दी जाएगी।

एफिल टॉवर वेबसाइट पर यह भी बताया गया है एफिल टॉवर को खोलते समय सोशल डिस्टैंसिंग को ध्यान में रखा जा रहा है। यहां पर प्रति मंजिल में सीमित लोगों को ही एंट्री दी जाएगी। इससे लोगों के बीच संक्रमण का जोखिम कम हो जाएगा। यहां पर दी गई जानकारी के मुताबिक, टॉवर का टॉप फ्लोर फिलहाल बंद रखा जाएगा। ऐसा इसलिए क्योंकि ऊपर वाली लिफ्ट काफी छोटी है। हालांकि, गर्मियों के दौरान यह खोला जा सकता है।

जानें क्यों है एफिल टॉवर लोकप्रिय: एफिल टॉवर के लोकप्रिय होने के मुख्य कारणों में कई चीजें शामिल हैं। इनमें आधुनिक और कलात्मक डिजाइन भी शामिल हैं। एफिल टॉवर एक लोहे का जालीदार टॉवहै जो चैंप दी मार्स, पैरिस में स्थित है। इसका नाम इंजीनियर गुस्तेव एफिल के नाम पर रखा गया था। इन्होंने ने ही इस टॉवर को डिजाइन और इसका निर्माण किया था।