Xiaomi Redmi Note 8 Pro को मिला नया कलर वेरिएंट, जानें कीमत और उपलब्धता

चीन की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Xiaomi ने अपने घरेलू मार्केट में Redmi Note 8 Pro का नया कलर वेरिएंट लॉन्च कर दिया है। इस फोन को अब Twilight Orange कलर में भी खरीदा जा सकेगा। इसके बाद अब इस डिवाइस को पांच कलर में खरीदा जा सकेगा। आपको बता दें कि Redmi Note 8 Pro  के Twilight Orange कलर वेरिएंट को फिलहाल चीनी मार्केट में लॉन्च किया गया है। इसे चीन में 9 जनवरी को सेल के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। भारत में इस वेरिएंट को कब लॉन्च किया जाएगा इसकी जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है। हालांकि, अभी भारत में यह Gamma Green, Halo White, Shadow Black और Electric Blue चार कलर ऑप्शन वेरिएंट में खरीदा जा सकता है।

Redmi Note 8 Pro के नए वेरिएंट की कीमत:

चीन में इस कलर ऑप्शन को दो वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। पहला 6 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज से लैस है। इसकी कीमत 1399 चीनी युआन यानी करीब 14,503 रुपये है। वहीं, दूसरा 8 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज से लैस है। इसकी कीमत 1599 चीनी युआन यानी करीब 16,600 रुपये है। इसके फीचर्स पहले जैसे ही हैं।

Redmi Note 8 Pro के फीचर्स:

इस फोन में 6.53 इंच का फुल एचडी+ डिस्प्ले दिया गया है। यह फोन मीडियाटेक हेलियो जी90टी प्रोसेसर से लैस है। फोन में 4500 एमएएच की बैटरी दी गई है जो 18W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। साथ ही कवाड रियर कैमरा मौजूद है। इसका पहला सेंसर 64 मेगापिक्सल, दूसरा 8 मेगापिकसल, तीसरा 2 मेगापिक्सल और चौथा 2 मेगापिक्सल का है। फोन में 20 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है। भारतीय बाजार में इसकी कीमत की बात करें तो इसके 6 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 14,999 रुपये है। वहीं, 6 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 15,999 रुपये है। 8 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 17,999 रुपये है।