FAU-G ऐप अक्टूबर महीने तक हो सकती है लॉन्च, गाल्वन घाटी पर होगा पहला लेवल

FAU-G App Launch: एक भारतीय फर्म ने बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत रोयाल मोबाइल वीडियो गेम लॉन्च करने के लिए तैयारी की जा रही है। इस ऐप का नाम FAU-G होगा। यह ऐप Tencent के लोकप्रिय गेम PUBG को कड़ी टक्कर देगी। हाल ही में अक्षय कुमार ने इस ऐप के टीजर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर भी किया था। बेंग्लुरू की nCore Games कंपनी अक्टूबर के अंत तक अपने फियरलेस और यूनाइटेड: गार्ड्स (FAU-G) गेम को लॉन्च करने की तैयारी में है।

कंपनी के सह-संस्थापक विशाल गोंडल ने रॉयटर्स को बताया कि इस गेम पर कुछ महीनों से काम चल रहा था। इस गेम का पहला लेवल गाल्वन घाटी पर आधारित है। बता दें कि जून में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच संघर्ष हुआ था। इसमें 20 भारतीय सैनिकों की मौत हो गई थी। तब से ही भारत ने चीनी टेक फर्मों पर लगातार बैन लगाया है। ऐसा मानना है कि ये कंपनियां भारत की इंटरनेट अर्थव्यवस्था पर हावी हो रही थीं। अभी तक भारत सरकार ने PUBG समेत 118 से ज्यादा चीनी मूल ऐप्स को बैन कर चुकी हैं। इससे भारतीय गेमर्स काफी नाराज हैं।

nCore की ऐप FAU-G का अर्थ है सिपाही। इस ऐप का उद्देश्य भारतीय देशभक्ति है। इसके नेट रेवन्यू का 20 फीसद राज्य समर्थित ट्रस्ट को दिया जाएगा जो ड्यूटी पर शहीद होने वाले सैनिकों के परिवारों के सपोर्ट के लिए दिया जाएगा। एक्टर अक्षय कुमार खुद एक सेना अधिकारी के बेटे हैं। ये भारतीय सैनिकों का समर्थन करने के लिए जाने जाते हैं। ये इस ट्रस्ट की स्थापना में बेहद महत्वपूर्ण थे। गोंडल के अनुसार, अक्षय कुमार ने ही इस गेम के कॉन्सेप्ट को तैयार करने में मदद की है। इन्होंने कहा कि संभावना है कि वो एक साल के अंदर ऐप से 200 मिलियन यूजर्स को जोड़ पाएं।