TikTok को चुनौती देगी Chingari, अब तक 25 लाख लोगों ने किया डाउनलोड

शॉर्ट वीडियो मेकिंग ऐप TikTok लोगों के बीच काफी चर्चित है। इस ऐप में करोड़ों लोग इस्तेमाल कर रहे हैं। यहां पर लोग किसी मूवी के गाने, डायलॉग या फिर खुद की वॉयस में वीडियो बनाते हैं। इस ऐप की लोकप्रियता काफी ज्यादा है। लेकिन इस समय स्थितियां काफी गंभीर हैं। दरसअल देश में भारत-चीन के बढ़ते विवाद को देखते हुए लोग चीनी ऐप्स या सामान का विरोध कर रहे हैं। लोग चीनी उत्पाद का पूरी तरह से बहिष्कार करने की मांग कर रहे हैं। इसी क्रम में लोगों ने TikTok को अनइंस्टॉल करने की बात कही थी। हालांकि, इसके बाद मार्केट में एक और ऐप लोकप्रिय हुई जिसका नाम Mitron ऐप था। इस ऐप को देसी कहा जा रहा था। लेकिन इसके कनेक्शन्स चीन से मिले थे।

इसी बीच अब एक और ऐप का नाम सामने आ रहा है जिसका नाम Chingari है। यह ऐप मेड इन इंडिया है। यह एक कस्टम वीडियो और ऑडियो ऐप है। इस ऐप को बेंग्लूरू स्थित दो प्रोग्रामर ने वर्ष 2019 में बनाया था। इन प्रोग्रामर्स का नाम बिश्वात्मा नायक और सिद्धार्थ गौतम है। जहां एक तरफ चीनी ऐप्स को फोन से रिमूव करने की बात कही गई है। वहीं, दूसरी तरफ Chingari ऐप की लोकप्रियता को बढ़ते देखा गया है। इस ऐप को अभी तक 25 लाख लोगों ने डाउनलोड किया है। यह स्वदेशी ऐप चीन की TikTok को कड़ी टक्कर दे रही है। आपको बता दें कि गूगल प्ले स्टोर पर Chingari टॉप ट्रेंडिंग ऐप्स में से एक है।

Chingari ऐप के को-फाउंडर बिश्वात्मा नायक ने बताया कि पिछले कुछ समय में उन्हें ऐप के लिए काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। यह कहा जा सकता है कि Chingari ऐप TikTok का एक भारतीय विकल्प है। वहीं, कई इन्वेसटर्स भी इस ऐप में रुचि दिखा रहे हैं। यह ऐप ट्रेंडिंग न्यूज, एंटरटेनमेंट न्यूज, फनी वीडियो, वीडियो सॉन्ग, लव कोट, व्हाट्सऐप के लिए स्टेटस आदि जैसे सर्विसेज उपलब्ध कराती है। आपको बता दें कि इस प्लेटफॉर्म पर रोजाना 10,000 से भी ज्यादा क्रिएटर्स हर रोज इंटरटेनिंग कॉन्टेंट बनाते हैं। यह ऐप अंग्रेजी, हिंदी, बंगला, गुजराती, मराठी, कन्नड़, पंजाबी, मलयालम, तमिल और तेलुगु भाषा में उपलब्ध है।