World Environment Day 2020: इन 5 तरीकों से घटाएं वजन, पर्यावरण को नहीं होगा नुकसान

हम सभी आज जिन चीजों से सबसे ज्यादा परेशान हैं उनमें प्रदूषण और तापमान का भी बड़ा हाथ है। सिर्फ इंसानों को ही नहीं बल्कि जीव-जंतुओं को भी इससे बड़ा खतरा है। प्रदूषण इतना बढ़ चुका है कि जब भी हम सांस लेते हैं तो कई बीमारियां हमारे शरीर में प्रवेश कर जाती हैं। इसका सबसे बड़ा नुकसान पर्यावरण को भी पहुंचता है। ऐसे में यह हमारा फर्ज बनता है कि हम पर्यावरण को सुरक्षित रखें। क्योंकि अगर हम इसकी सुरक्षा करते हैं तो हम सभी आने वाले समय में सुरक्षित रहेंगे।

जैसे-जैसे कोरोनावायरस का प्रकोप दुनियाभर में फैल रहा है, वैसे-वैसे हम सभी लोग सेहत को लेकर जागरुक हो गए हैं। अच्छा खाना, थोड़े-थोड़े अंतराल पर हाथ धोते रहना और इम्यूनिटी बढ़ाने की कोशिश करना आदि से हम सभी कुछ न कुछ ट्राई करते ही रहते हैं। लेकिन हमें यह समझने की भी जरुरत है कि कहीं खुद को सेहतमंद रखने के लिए हम पर्यावरण को नुकसान तो नहीं पहुंचा रहे हैं। कई बार जाने-अनजाने में पर्यावरण को नुकसान पहुंचा बैठते हैं। यहां हम आपको सेहतमंद रहने और वजन कम करने के लिए 5 इको-फ्रेंडली तरीकों की जानकारी दे रहे हैं।

1. आप घर पर ही सब्जियां उगा सकते हैं। घर पर उगाई गई सब्जियां सेहत के लिए काफी अच्छी होती हैं। अगर आप घर पर सब्जियां नहीं उगा सकते हैं तो आप किसी किसान से भी सब्जी खरीद सकते हैं। जब भी आप स्थानीय किसान से सब्जी खरीदने जाएं तो प्लास्टिक बैग नहीं बल्कि कपड़े का बैग लेकर जाएं।

2. जब भी हम कोई सब्जी काटते हैं तो हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि खाने की कम से कम बर्बादी हो। उनके छिलके या बीजों का कम से कम कूड़े में फेंकना चाहिए। इन्हें सही तरीके से इस्तेमाल करना चाहिए। सब्जियों के छिलकों को हम खाद की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं।

3. जैसा कि हम सभी जानते हैं कि प्लास्टिक को नष्ट नहीं किया जा सकता है। इससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है। ऐसे में हमें प्लास्टिक का कम इस्तेमाल करना चाहिए। अगर आप चाहें तो प्लास्टिक टूथब्रश को छोड़ लकड़ी के टूथब्रश का इस्तेमाल करना चाहिए।

4. पैदल चलना सेहत के लिए कितना अच्छा होता है यह हम सभी जानते हैं। ऐसे में आपको जब भी मौका मिले तब आप पैदल चलें। खासतौर से खाना खाने के बाद आपको जरूर पैदल चलना चाहिए। आपको बता दें कि कार या बाइक न चलाने से प्रदूषण भी कम होगा। इससे पर्यावरण भी सुरक्षित रहता है।

5. अब यह तो हम सभी जानते हैं कि जानवर पर्यावरण का अहम हिस्सा है। ऐसे में हफ्ते में एक दिन ऐसा जरुर रखें जब आप मांसाहारी खाना न खाएं।