इम्यूनिटी बूस्ट करने में मदद करेगा प्याज का काढ़ा, जानें कैसे बनाएं और उसके फायदे

कोरोनावारस के चलते हम सभी को अपनी-अपनी इम्यूनिटी को बूस्ट करने की बेहद आवश्यकता है। जब भी हम इम्युनिटी की बात करते हैं तो सबसे पहला ख्याल कई लोगों के मन में तुलसी, अदरक और हल्दी का आता है। हालांकि, इसके अलावा भी कई ऐसी चीजें हैं जिनका इस्तेमाल आप अपनी इम्यूनिटी बूस्ट करने में कर सकते हैं। इन्हीं में से एक चीज प्याज है। इसका इस्तेमाल हम हर रोज घर में करते हैं। अगर आपको नहीं पता है तो हम बता देते हैं कि प्याज का काढ़ा पीने से इम्युनिटी बूस्ट होती है। इसके अलावा इससे शरीर का टैम्प्रेचर भी सही रहता है। इससे कोल्ड और कफ में भी काफी आराम मिलता है। तो चलिए जानते हैं कि प्याज का काढ़ा कैसे बनाया जाता है और इसके क्या फायदे हैं।

इस पर एक रिसर्च भी हुई है जो जर्नल ऑफ यूरोपियन क्लीनिकल न्यूट्रिशन में छापी गई थी। इसके अनुसार, प्याज में क्वीरसेटिन नाम का एक फ्लेवोनोइड मौजूद होता है। यह ब्लड में एंटीऑक्सिडेंट को बूस्ट करने में मदद करता है। इस समय यह काढ़ा आपके बेहद काम आ सकता है।

इस तरह बनाएं प्याज का काढ़ा:

इसके लिए आपको 1 प्याज, 2 कप पानी, 1 तेज पत्ता, 2 -3 लहसुन की कली, 3 लौंग और 2 चम्मच शहद की जरूरत होगी।

चाय बनाने वाले पैन में पानी डालकर उसे मध्यम आंच पर उबालें। जब पानी में उबाल आने लगे तो उसमें लहसुन की कलियां और प्याज को डाल दें। इन्हें चॉप कर ही डालें। एक मिनट तक इन्हें पानी में उबलने दें। इसके बाद पानी में तेजपत्ता और लौंग डालें। जब पानी को कलर बदलने लगे तो उसे गैस से उतार लें। अब इसे छन्नी से छान लें। फिर शहद डाल दें। इसे आप दिन में दो बार पी सकते हैं। इससे इम्यूनिटी बूस्ट होगी। ऐसा कहा जाता है कि गर्मी में प्याज का सेवन करना काफी लाभकारी होता है।