Xiaomi Redmi 9, 9A और 9C बजट रेंज में लॉन्च, जानें कीमत और फीचर्स

चीन की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Xiaomi ने यूरोपीय मार्केट में अपनी बजट सीरीज Redmi 9 लॉन्च कर दी है। साथ ही फिटनेस बैंड Mi Band 5 को भी पेश किया है। Redmi 9 सीरीज के तहत कंपनी ने Redmi 9, Redmi 9A और Redmi 9C भी लॉन्च किए गए हैं। इन्हें यूरोप से बाहर कब तक उपलब्ध कराया जाएगा इसकी जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है। तो चलिए जानते हैं इन स्मार्टफोन्स की कीमत और फीचर्स की डिटेल्स।

Redmi 9, Redmi 9A और Redmi 9C की कीमत:

सबसे पहले बात करते हैं Redmi 9 की। इसके बेस वेरिएंट 3 जीबी रैम और 32 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 149 युरो यानी करीब 12,700 रुपये है। वहीं, इसके हाई एंड वेरिएंट 4 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 169 यूरो यानी करीब 14,500 रुपये है। Redmi 9C की बात करें तो इसके बेस वेरिएंट 2 जीबी रैम और 32 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 119 यूरो यानी करीब 10,204 रुपये है। वही, इसके हाई एंड वेरिएंट 3 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 139 यूरो यानी करीब 11,920 रुपये है। Redmi 9A की कीमत 99 यूरो यानी करीब 8,490 रुपये है। यह इसके 2 जीबी रैम और 32 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत है। इनकी सेल जुलाई के आखिरी हफ्ते में आयोजित की जाएगी।

Redmi 9 के फीचर्स:

इसमें 6.5 इंच के फुल एचडी प्लस डिस्प्ले दिया गया है जिसका पिक्सल रेजोल्यूशन 2340 x 1080 है। इसका स्क्रीन-टू-बॉडी रेश्यो 89 फीसद है। यह फोन मीडियाटेक हेलियो जी80 प्रोसेसर से लैस है। इसमें क्वाड रियर कैमरा दिया गया है। इसका प्राइमरी सेंसर 13 मेगापिक्सल, दूसरा 8 मेगापिक्सल, तीसरा 5 मेगापिक्सल और चौथा 2 मेगापिक्सल का है। सेल्फी के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का सेंसर मौजूद है। फोन को पावर देने के लिए 5020 एमएएच की बैटरी दी गई है जो 18W की फास्ट चार्जिंग फीचर को सपोर्ट करती है।

Redmi 9C के फीचर्स:

इसमें 6.53 इंच के फुल एचडी प्लस डिस्प्ले दिया गया है जिसका पिक्सल रेजोल्यूशन 720×1600 है। यह फोन मीडियाटेक हेलियो जी35 प्रोसेसर से लैस है। इसमें ट्रिपल रियर कैमरा दिया गया है। इसका प्राइमरी सेंसर 13 मेगापिक्सल, दूसरा 2 मेगापिक्सल और तीसरा 2 मेगापिक्सल का है। फोन को पावर देने के लिए 5000 एमएएच की बैटरी दी गई है। इस फोन को तीन कलर ऑप्शन्स ट्विलाइट ब्लू, सनराइज ऑरेंज और मिडनाइट ग्रे में उपलब्ध कराया गया है।

Redmi 9A के फीचर्स:

इसमें 6.5 इंच के फुल एचडी प्लस डिस्प्ले दिया गया है। यह फोन मीडियाटेक हेलियो जी25 प्रोसेसर से लैस है। इसमें 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा दिया गया है। फोन को पावर देने के लिए 5000 एमएएच की बैटरी दी गई है जो 10W की फास्ट चार्जिंग फीचर के साथ आता है। यह फोन एंड्रॉइड 10 पर आधारित MIUI 11 पर काम करता है।