Tiktok की टक्कर में लॉन्च हुए Instagram Reels को ऐसे करें इस्तेमाल

चीनी शॉर्ट वीडियो ऐप Tiktok को भारत में बैन कर दिया गया है। यह ऐप लाखों-करोड़ों यूजर्स इस्तेमाल कर रहे थे। लेकिन अब इसके बैन होने के बाद से यूजर्स Tiktok का विकल्प तलाश रहे हैं। इस तलाश पर विराम लगाते हुए Facebook की स्वामित्व वाली फोटो शेयरिंग ऐप Instagram ने अपना एक नया फीचर Reels लॉन्च किया है। भारत ऐसा चौथा मार्केट है जहां इस फीचर को पेश किया गया है। इससे पहले यह फीचर ब्राजील, जर्मनी और फ्रांस में लॉन्च किया गया था।

आपको बता दें कि Instagram Reels फीचर अभी तक भारत में टेस्टिंग फेज में उपलब्ध कराया गया था। लेकिन इसे अब आखिरकार भारत में पेश कर दिया गया है। इस फीचर के तहत यूजर्स 15 सेकेंड्स के वीडियो रिकॉर्ड कर पाएंगे। साथ ही लूप वीडियो क्लिप भी बना पाएंगे। तो चलिए जानते हैं कि इस फीचर को कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं।

इस तरह करें Instagram Reels फीचर इस्तेमाल:

  • Reel फीचर को इस्तेमाल करने के लिए आपको Instagram कैमरा पर जाना होगा।
  • इसके नीचे की तरफ दिए गए Reel फीचर को सेलेक्ट करें। यहां आपको स्क्रीन के दायीं तरफ कई एडिटिंग टूल नजर आएंगे।
  • इसमें ऑडियो, AR इफेक्ट, टाइमर और काउंडाउन, अलाइन और स्पीड जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
  • इसमें म्यूजिक लाइब्रेरी भी उपलब्ध कराई गई है जिसे यूजर्स एक्सेस कर पाएंगे।
  • इसमें मौजूद ओरिजिनल ऑडियो को भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसमें यूजर्स को AR लाइब्रेरी के तहत कई इफेक्ट भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
  • वहीं, हैंड्स फ्री क्लिप रिकॉर्ड करने के लिए टाइमर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

आपको बता दें कि यूजर्स Reels फीचर के तहत जो वीडियो पोस्ट करेंगे वो फीड के तौर पर ही पोस्ट होगा। साथ ही इन्हें स्टोरी के तौर पर भी शेयर कर पाएंगे जो 24 घंटे बाद अपने आप ही गायब हो जाएगी। इसेस पहले फेसबुक ने TikTok की तरह ही Lasso ऐप लॉन्च किया था। लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया था। यह भारत में लॉन्च भी नहीं किया गया था।