टीवी, लैपटॉप और मोबाइल स्क्रीन से आंखों को इस तरह रखें सुरक्षित

Coronavirus के चलते पूरे देश में लॉकडाउन है। इसमें लोग घर पर रहकर समय बिताने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। कुछ लोग वर्क फ्रॉम होम में व्यस्त हैं तो कुछ लोग घर पर टीवी और स्मार्टफोन पर ऑनलाइन सीरीज या वीडियो का मजा ले रहे हैं। इसका सीधा मतलब यह है कि लोग अपना ज्यादा समय लैपटॉप, टीवी, और मोबाइल स्क्रीन के सामने गुजार रहे हैं। ऐसे में कई बार आपको परेशानी का सामना करना पड़ता है जैसे सर में दर्द होना, आंखों से पानी आना, आंखों के आसपास दर्द होना आदि। अगर आपको भी इस तरह की कोई परेशानी होती है तो आप नीचे दिए गए तरीको से अपनी आंखों की देखभाल कर सकते है।

ड्राई आंखों का ख्याल:

स्क्रीन के सामने घंटो बैठे रहने से किसी-किसी की आंखें ड्राई होने लगती हैं। ऐसे में आप थोड़ी-थोड़ी देर के अंतराल में ठन्डे पानी से आंखों को धो सकते हैं। इसके अलावा आप एक साफ सूती के कपड़े की मदद से अपने मुंह की भांप से हल्का गरम कर आंखों को सेंक सकते हैं। इससे भी किसी-किसी को आराम मिलता है। इसके अलावा आंखों की ड्राईनेस काम करने के लिए आप आइ ड्रॉप का इस्तेमाल कर सकते है।

आंखों के आसपास के दर्द को कैसे घटाएं :

अगर आप ज्यादा टीवी देख रहे हैं या ज्यादा देर तक लैपटॉप के सामने बैठना पड़ रहा है तो आपको आंखों के आसपास दर्द होने लगता है। ऐसे में आपको ध्यान रखना है की कम से कम 8 से 9 घंटे नींद लें। इससे आपकी आंखों को आराम मिलेगा। स्क्रीन फ्लैट और बड़ी होने पर आंखों पर कम तनाव पड़ता है। टीवी या लैपटॉप के स्क्रीन के सामने जब बैठे तो बिलकुल अंधेरा करके न बैठे। इससे आंखों पर ज्यादा जोर पड़ता है। आंखों पर दर्द होने पर आप कुछ सेकेंड तक पलक झपकें। इससे आंखों को आराम मिलता है। इसके अलावा आप कुछ समय के लिए खुद को स्क्रीन के सामने से हटा कर ब्रेक लें। थोड़ी देर आंखों को बंद करके रखें। अगर लम्बे समय से स्कीन पर आंखें टिकाए हुए हैं तो थोड़ा आंखों को घुमाएं और किसी चीज पर फोकस करें।

आंखों से पानी निकलना:

आंखों से पानी निकलने पर किसी ठंडी चीज से सिकाई कर सकते है। इसके लिए एक छोटा साफ कपड़ा लें। इस पर बर्फ का टुकड़ा रखकर उससे आंखों की और उसके आसपास की सिकाई करें। इससे आपको आराम मिलेगा। अगर आंखों में खुजली हो रही है तो उसकी साफ-सफाई का ज्यादा ध्यान रखें। आंखों को ठन्डे पानी से धोएं। आंखों में खुजली होने पर बार-बार हाथ से ना छूएं।

इसके अलावा आप डॉक्टर से सलाह कर आंखों की स्पेशल एक्सरसाइज भी कर सकते है। आप स्क्रीन की रोशनी से बचने क लिए डॉक्टर के परामर्श से चश्मे का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।